सड़क में गड्ढा बताने पर मिलेंगे 5000 रुपये, बिहार सरकार की नई स्कीम 15 फरवरी के बाद होगी लागू

Authored By: News Corridors Desk | 12 Jan 2026, 08:52 PM
news-banner

बिहार में गड्ढा मुक्त सड़कों की नई पहल

बिहार सरकार सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए एक नई और अनोखी योजना लाने जा रही है। इस योजना के तहत यदि कोई व्यक्ति सड़क पर गड्ढे की सूचना देता है तो उसे 5000 रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस स्कीम का उद्देश्य सड़कों की खराब स्थिति पर तुरंत कार्रवाई करना और आम लोगों को इसमें भागीदार बनाना है।

15 फरवरी के बाद लागू होगी योजना

उद्योग व पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने बताया कि यह नई स्कीम 15 फरवरी के बाद पूरे बिहार में लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनवरी महीने में रोड मेंटेनेंस की नई पॉलिसी लाई जा रही है, जिसके तहत सड़क की गुणवत्ता पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।

72 घंटे में ठीक होंगे गड्ढे

मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि यदि कहीं भी सड़क पर गड्ढा पाया जाता है तो उसे 72 घंटे के भीतर ठीक किया जाएगा। इसके लिए “रोड एम्बुलेंस” की व्यवस्था की जाएगी, जिनके नंबर सभी चौक-चौराहों पर डिस्प्ले किए जाएंगे। जैसे ही शिकायत दर्ज होगी, टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत करेगी।

ठेकेदारों और इंजीनियरों पर सख्ती

इस योजना के लागू होने से ठेकेदारों और विभागीय इंजीनियरों में जवाबदेही बढ़ेगी। मंत्री ने साफ कहा कि एक भी गड्ढा रहने पर बड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि हाल ही में लापरवाही के कारण कई एक्जीक्यूटिव इंजीनियरों को सस्पेंड किया गया है और आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

एक्सप्रेसवे और सड़क नेटवर्क पर बड़ा फोकस

किशनगंज में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डॉ. जायसवाल ने बताया कि बिहार में पांच नए एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे, जिससे राज्य के किसी भी कोने से पांच घंटे में पटना पहुंचा जा सकेगा। इसके साथ ही मौजूदा हाइवे को दुरुस्त किया जाएगा और जिलों की सड़कों का चौड़ीकरण भी किया जाएगा।