बिहार आज अपना 113वां स्थापना दिवस मना रहा है। बिहार दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों को बधाई दी। इसके साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई नेताओं ने भी बिहार दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। बता दें कि बिहार राज्य को 22 मार्च, 1912 में तत्कालीन बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग करके इसी दिन बनाया गया था। इसलिए इस दिन को राज्य के स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस खास मौके पर पटना के गांधी मैदान में भी आज से बिहार दिवस कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जिसके लिए भव्य रूप से तैयारियां की गई है। बिहार दिवस समारोह 22 से 26 मार्च तक गांधी मैदान में मनाया जाएगा।
बिहार दिवस पर BJP का प्लान
बिहार दिवस के असवर पर केंद्रीय मंत्रियों भाजपा के तमाम नेता देशभर में लगभग 75 स्थानों पर आयोजित होने वाले समारोहों का हिस्सा होंगे। ये समारोह एक सप्ताह तक आयोजित किए जाएंगे। भाजपा नेताओं ने इस आयोजन को 'स्नेह मिलन' का नाम दिया है। इस साल बिहार दिवस की थीम- ''उन्नत बिहार, विकसित बिहार'' है। इसके तहत बिहार के विभिन्न शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी बधाई
राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘बिहार दिवस पर राज्य के सभी निवासियों को मैं हार्दिक बधाई देती हूं। बिहार की धरती प्राचीन काल से ही ज्ञान और विकास का केंद्र रही है। मेरा विश्वास है कि बिहार के निवासी अपनी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प तथा परिश्रम के बल पर विकसित बिहार और विकसित भारत के निर्माण में अपना भरपूर योगदान देते रहेंगे।'
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री ने लिखा, "भारतीय इतिहास को गौरवान्वित करने वाला हमारा यह प्रदेश आज अपनी विकास यात्रा के जिस महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है, उसमें यहां के परिश्रमी और प्रतिभाशाली बिहारवासियों की अहम भागीदारी है। हमारी संस्कृति और परंपरा के केंद्र-बिंदु रहे अपने इस राज्य के चौतरफा विकास के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।"
अमित शाह ने दी बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बधाई देते हुए कहा, ‘सभी बिहारवासियों को बिहार दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। ज्ञान, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की भूमि बिहार ने हमेशा देश को नेतृत्व और नई ऊर्ज प्रदान की है। इतिहास के गौरवशाली अध्यायों से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक, बिहार ने हर क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में एनडीए सरकार बिहार को प्रगति, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेशवासियों की सुख, शांति और उन्नति की कामना करता हूं।‘
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘बिहारवासियों को ‘बिहार दिवस’ की ढेरों बधाई। मेरी ईश्वर से कामना है कि परंपरा और संस्कृति को सहेजकर रखने वाला यह राज्य विकास और सुशासन की नई बुलंदियों तक पहुंचे।'
सीएम नीतीश कुमार ने दी बधाई
बिहार दिवस के मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बधाई दी। सीएम ने कहा, बिहार दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बिहार का इतिहास गौरवशाली है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। बिहार के भविष्य की बात करते हुए उन्होंने कहा, विकसित बिहार के सपने को साकार करने में भागीदारी के लिए मैं आप सभी का आह्वान करता हूं। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।