अंकित बालियान हत्याकांड: एनकाउंटर में मारे गए सुमित के पिता ने बताई पूरी कहानी, छोटे बेटे को लेकर जताई नाराजगी
हरियाणा के सोनीपत निवासी हरियाणवीं सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में एनकाउंटर में मारे गए सुमित के परिवार ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी है। सुमित के पिता धर्मपाल ने बताया कि उनका बेटा मोहित के संपर्क में आने के बाद अपराध की दुनिया में गया था। उन्होंने सुमित के एनकाउंटर पर भी उत्तर प्रदेश पुलिस से जुड़े सवाल उठाए हैं।
धर्मपाल का कहना है कि उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से सुमित का एनकाउंटर नहीं किए जाने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद एनकाउंटर होने पर उन्होंने सवाल उठाया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सुमित ने जो किया, उसे उसकी सजा मिली।
12वीं की परीक्षा में नहीं हुआ था पास, पिता के साथ करता था मजदूरी
सुमित के पिता धर्मपाल के मुताबिक, उनका बेटा 12वीं कक्षा की एक परीक्षा में पास नहीं हो पाया था। वह पिता के साथ मजदूरी करता था। करीब ढाई महीने पहले सोनीपत में हुए ट्रिपल मर्डर के बाद सुमित का मोहित से संपर्क हुआ था।
परिवार के अनुसार, मोहित का उनके घर आना-जाना था। घरवाले सुमित को उसके साथ रहने से मना भी करते थे। धर्मपाल ने बताया कि 26 अगस्त को सुमित के पास फोन आया था, लेकिन मोहित ने उससे बात नहीं करवाई। बाद में मोहित ने परिवार को बताया कि सुमित चला गया है, लेकिन वह कहां गया, इसकी जानकारी नहीं दी।
धर्मपाल ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि सुमित के सामने पैसे का लालच था या कोई और दबाव। उनके अनुसार, सुमित घर से कपड़े लेकर और बदलकर निकला था।
एनकाउंटर को लेकर पुलिस पर उठाए सवाल
सुमित के पिता ने बताया कि शनिवार को उत्तर प्रदेश पुलिस उन्हें और उनके छोटे बेटे को अपने साथ ले गई थी। देर रात पुलिस उन्हें घर पर छोड़कर वापस चली गई।
धर्मपाल के अनुसार, पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि सुमित का एनकाउंटर नहीं किया जाएगा। अब उनका सवाल है कि आश्वासन के बावजूद एनकाउंटर क्यों किया गया।
हालांकि, धर्मपाल ने कहा कि सुमित के एनकाउंटर से परिवार परेशान या दुखी नहीं है। उनका कहना है कि सुमित ने जो किया, उसने भुगता।
छोटे बेटे यशपाल को लेकर जताई नाराजगी
धर्मपाल ने अपने छोटे बेटे यशपाल के साथ पुलिस के कथित व्यवहार पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि यशपाल तीसरी पास है और वाई-फाई लगाने का काम करता है। उनके आरोप के मुताबिक, यशपाल को थर्ड डिग्री टॉर्चर दिया गया।
धर्मपाल ने कहा कि अगर उनका छोटा बेटा ठीक नहीं हुआ तो वह आत्महत्या कर लेंगे। उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति का भी जिक्र करते हुए कहा कि वह गरीब हैं और बच्चों का गुजारा करना उनके लिए मुश्किल है।
गौरतलब है कि सोनीपत निवासी सिंगर अंकित बाल्यान की उत्तर प्रदेश के शामली में जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।