समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की सियासत को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के पक्ष में मन बना चुकी है और अब मुकाबला 80-20 का नहीं, बल्कि 95-05 का है। बुधवार को सपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महिलाओं के खिलाफ घटनाओं और पुलिस व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि हाथरस कांड के बाद भी महिलाओं के खिलाफ घटनाएं नहीं रुकीं, बल्कि एक से बढ़कर एक दर्दनाक मामले सामने आ रहे हैं। उनके मुताबिक, सपा सरकार के समय बनाई गई पुलिस रिस्पांस व्यवस्था को भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया है।
यूपी पुलिस पर भरोसा उठने का अखिलेश यादव ने लगाया आरोप
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के लोगों का यूपी पुलिस से भरोसा उठ गया है। उन्होंने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट कई बार टिप्पणी कर चुके हैं कि क्या यूपी पुलिस को भंग कर दिया जाना चाहिए।
अखिलेश यादव ने सपा नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जाने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि प्रदेश में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है और सरकार के कामकाज पर सवाल उठ रहे हैं।
नोटबंदी को बताया भाजपा सरकार का सबसे भ्रष्ट फैसला
नोटबंदी के 10 साल पूरे होने पर अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार के इस फैसले की आलोचना की। उन्होंने कहा, 'हमारे यहां बैंकों को डुबाने के लिए नोटबंदी कर दी गई। दुनिया के आर्थिक इतिहास में इतना भ्रष्ट फैसला कोई नहीं होगा जो भाजपा ने लिया।'
उन्होंने दावा किया कि नोटबंदी के समय जो लक्ष्य बताए गए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ। अखिलेश यादव के मुताबिक, इस फैसले का असर धीमे जहर की तरह हुआ और पिछले 10 साल में किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, पेशेवर, नौकरीपेशा लोग और छोटे दुकानदार-व्यापारी इससे प्रभावित हुए।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी भाजपा की वोटबंदी का कारण बनी थी।
26 हजार स्कूल बंद होने और रोजगार खत्म होने का दावा
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में 26 हजार स्कूल बंद किए जाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही हर स्कूल में तीन नौकरियां भी खत्म हो गई हैं।
भाजपा सरकार के निवेश संबंधी दावों पर सवाल उठाते हुए सपा अध्यक्ष ने पूछा कि कौन-सा प्रोजेक्ट जमीन पर उतरा और कितने लोगों को रोजगार मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के मंत्री विदेश दौरे पर गए, लेकिन निवेश धरातल पर नहीं दिखाई दिया।
अखिलेश यादव ने किसानों को खाद नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि गोरखपुर में बेईमानी से एमएलसी चुनाव जीता गया, लेकिन काशी में हार का सामना करना पड़ा।
अयोध्या जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने क्या कहा?
12 दिसंबर को अयोध्या जाने से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि वह केदारेश्वर और वृंदावन भी जाएंगे। उन्होंने पीडीए का अर्थ बताते हुए कहा, "हमारे लिए पीडीए का मतलब पहले दर्शन और फिर आशीर्वाद है।"
सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि उनके घर में पहले से ही शिव और रामगोपाल हैं और वे सभी जगह जाएंगे।