बोले- ‘अब हम भी वीडियो बनवाएंगे तो बहुत बुरा लगेगा’
|
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने AI से बनाए जा रहे वीडियो और मीम्स को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए AI वीडियो बनाकर प्रसारित कर रही है। अखिलेश ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सपा भी AI से वीडियो बनवाएगी तो यह भाजपा को बहुत बुरा लगेगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि उनके लिए गाना बनाया गया और जवाब में उन्होंने कुछ लाइनें पढ़ीं तो वह भी प्रसारित हो गईं। उन्होंने कहा कि अब डिंपल के लिए भी वीडियो बनाए जा रहे हैं। अखिलेश ने भाजपा से इस तरह का “बचपना” बंद करने को कहा।
‘AI के खेल में हम भी पीछे नहीं’
सपा प्रमुख ने कहा कि AI के मामले में उनकी पार्टी पीछे नहीं है। उन्होंने अपने ऊपर बने वीडियो के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बने AI वीडियो को भी स्क्रीन पर चलाकर दिखाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा वीडियो बनाने पर पैसे खर्च न करे, क्योंकि उन्हें भी किसी ने वीडियो बनाकर मुफ्त में भेज दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बने वीडियो को चार बार दिखाया, जिसमें चढ़ावा चोरी और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने सहित कई मुद्दे उठाए गए हैं।
सरकार पर नौकरी और महंगाई को लेकर निशाना
अखिलेश यादव ने सरकार पर रोजगार, भ्रष्टाचार और महंगाई को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नौकरी देने की बात की गई थी, लेकिन नौकरी कहां हैं। उन्होंने सरकार को भ्रष्ट बताते हुए आरोप लगाया कि सब कुछ बेच दिया गया और चीजें महंगी की जा रही हैं।
उनका कहना था कि AI वीडियो के जरिए लोगों का ध्यान भटकाया जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी AI में काफी आगे है और उन्होंने बहुत पहले लैपटॉप बांटे थे, जो आज भी चल रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि SIR के बाद अब लोग SAR करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी चुनाव से पहले एनुअल रिविजन करेगी। उनके मुताबिक, इसके जरिए बूथों पर बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के अपने लोगों के नाम बढ़ाए जाएंगे।
उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों और बूथ की टीम को सतर्क रहने को कहा। अखिलेश के अनुसार, ये सभी PDA अभियान को आगे बढ़ाएंगे और सपा का चुनाव अभियान कल से ही शुरू हो जाएगा।
उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों से दो सप्ताह में भ्रष्टाचार और जिला स्तर पर रहे अत्याचार को लेकर पत्रकार वार्ता करने को भी कहा।
STF को लेकर अखिलेश का आरोप
अखिलेश यादव ने PDA पर अत्याचार बढ़ने का आरोप लगाते हुए STF को “स्वजातीय टार्चर फोर्स” कहा। उन्होंने बंदायू में दलित युवा की हिरासत में मौत का मामला उठाया और कहा कि वहां थानों में सबसे ज्यादा मुख्यमंत्री के स्वजातीय लोग तैनात हैं।
उन्होंने कहा कि STF में भी यही स्थिति है और मुख्यमंत्री के स्वजातीय दबंग लोगों के निशाने पर PDA के लोग हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि एनकाउंटर जाति देखकर हो रहे हैं और सरकार बनने पर इनकी जांच कराई जाएगी।
अंकित बालियान प्रकरण में मुठभेड़ को लेकर उन्होंने सवाल किया कि क्या वे सही अपराधी थे। उन्होंने कहा कि पीड़ित पिता कह रहे हैं कि अभी पूरा न्याय नहीं मिला है।
रालोद की सीटों को लेकर जयंत चौधरी पर टिप्पणी
रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के बयान पर अखिलेश यादव ने कहा कि उम्मीद है उन्हें 61 सीटें मिलेंगी। उनके मुताबिक, 61 से कम सीट मिलने पर यह अपमान होगा और इतनी सीट मिलने पर सम्मान बढ़ेगा।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर भी अखिलेश ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केशव प्रसाद मौर्य एक बार किसी कुर्सी पर बैठ गए थे, इसके बाद उन्हें स्टूल नसीब हुआ, क्योंकि वह PDA से हैं।
ईरान युद्ध और बासमती चावल का मुद्दा भी उठाया
ईरान युद्ध से बासमती चावल की आपूर्ति प्रभावित होने के सवाल पर अखिलेश यादव ने भारत सरकार से नेपाल को फ्री बासमती चावल भेजने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर सरकार उद्योगपतियों का पैसा माफ कर सकती है तो किसानों को पैसा क्यों नहीं दे सकती।