उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संघर्षपूर्ण जिंदगी पर आधारित फिल्म जल्द ही पर्दे पर आने वाली है। दरअसल 'अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ अ योगी' नाम की यह बायोपिक योगी आदित्यनाथ के जीवन के अनकहे पहलुओं को दर्शाएगी। सम्राट सिनेमैटिक्स ने अपनी आगामी नाट्य फिल्म, अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ़ ए योगी का पहला लुक जारी किया है। जिसने फैंस को खासा उत्साहित कर दिया है।
यह बायोपिक शांतनु गुप्ता की प्रसिद्ध किताब 'द मॉन्क हू बिकेम चीफ मिनिस्टर' से प्रेरित है। फिल्म में ड्रामा, इमोशन, एक्शन और बलिदान की अनसुनी कहानियां दिखाई जाएंगी। फिल्म का मोशन पोस्टर रिलीज करते हुए प्रोडक्शन हाउस ने सोशल मीडिया पर लिखा- 'उसने सब त्याग दिया, पर जनता ने उसको अपना बना लिया।'
अनंत जोशी निभाएंगे सीएम योगी का किरदार
फिल्म में अनंत जोशी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भूमिका निभाने के लिए चुना गया है। हाल ही में रिलीज हुए फर्स्ट लुक पोस्टर में अनंत जोशी को योगी आदित्यनाथ की तरह भगवा कपड़ों में देखा गया। फिल्म में उनके बचपन, नाथपंथी योगी बनने के फैसले, राजनीति में कदम रखने और मुख्यमंत्री बनने तक के सफर को दिखाया जाएगा।
इस फिल्म का निर्देशन रवींद्र गौतम ने किया है और इसे रितु मेंगी ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 2025 में कई भाषाओं में रिलीज होगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख सकें।
दमदार स्टारकास्ट
फिल्म में कई दिग्गज कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनमें शामिल हैं:
अनंत जोशी (योगी आदित्यनाथ के रूप में)
परेश रावल
दिनेश लाल यादव 'निरहुआ'
अजय मेंगी
पवन मल्होत्रा
गरिमा सिंह
राजेश खट्टर
दर्शकों के बीच हाईप
योगी आदित्यनाथ के प्रशंसक इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं। फिल्म के जरिए उनके संघर्ष, त्याग और सफलता की कहानी बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी। यह बायोपिक भारतीय राजनीति और समाज पर गहरा प्रभाव डाल सकती है। अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि फिल्म कब तक रिलीज होगी और दर्शकों के बीच कैसी प्रतिक्रिया मिलेगी।